अंडमान पर्यटन का सांकेतिक चित्र। 
टॉप न्यूज़

पर्यटन दिवस पर अंडमान में रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : आगामी 27 सितम्बर को विश्व पर्यटन दिवस 2025 के अवसर पर अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के पर्यटन विभाग ने विभिन्न विभागों और पर्यटन हितधारकों के सहयोग से कई आकर्षक एवं विविध कार्यक्रमों की घोषणा की है। इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस का विषय है “पर्यटन और सतत परिवर्तन”, जो पर्यटन क्षेत्र में स्थिरता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देता है।

मुख्य आकर्षण के रूप में 20 से 25 सितम्बर तक आयोजित होने वाली अंडरवॉटर फोटोग्राफी प्रतियोगिता है। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी अंडमान सागर की अनूठी समुद्री जैव विविधता को अपने कैमरे में कैद करने का अवसर पाएंगे। इसके माध्यम से समुद्री जीवन के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

25 और 26 सितम्बर को विंबरलीगंज के मिनी स्टेडियम में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। यह टूर्नामेंट शिक्षा निदेशालय और पंचायत विभाग के सहयोग से पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है। विजेताओं को नकद पुरस्कार 7,000 रुपये (विजेता) और 5,000 रुपये (उपविजेता) के साथ ट्रॉफी भी दी जाएगी। टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए पंजीकरण 25 सितम्बर तक खुला रहेगा।

27 सितम्बर को सुबह 10 बजे टीजीसीई सभागार में दो घंटे का थीमैटिक सेमिनार होगा, जिसका संचालन जेएनआरएम द्वारा किया जाएगा। इस सेमिनार में सतत विकास, ईको-टूरिज्म और सामुदायिक पर्यटन जैसे विषयों पर विशेषज्ञ विचार प्रस्तुत करेंगे और उपस्थित लोगों के साथ संवाद करेंगे।

साथ ही, उसी दिन दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक श्री विजयपुरम के आईटीएफ ग्राउंड में “क्यूजीन ऑफ इंडिया फेस्टिवल” का आयोजन होगा। इस फेस्टिवल में द्वीपों की समृद्ध पाक कला का प्रदर्शन होगा, जिसमें सर्वश्रेष्ठ तीन खाद्य विक्रेताओं को गुणवत्ता, प्रस्तुति और स्वाद के आधार पर पुरस्कार दिए जाएंगे।

पर्यटन विभाग ने द्वीपवासियों, पर्यटकों, उद्यमियों, फोटोग्राफरों और खिलाड़ियों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि विश्व पर्यटन दिवस का उत्सव रंगारंग और सफल रूप से मनाया जा सके।

SCROLL FOR NEXT