हुगली: भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से बांसबेड़िया स्टेशन रोड स्थित मंचदर्पण नाट्य संस्था की ओर से विश्व नाट्य दिवस का उत्सव पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों द्वारा नृत्य, आवृत्ति, संगीत तथा लघु नाट्य प्रस्तुतियां मंचित की गईं, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। साथ ही, भविष्य की योजनाओं के तहत एक नए नाटक का पाठ भी किया गया, जिसका वाचन शुभ्रांशु दत्त ने किया। कार्यक्रम के अंतर्गत “समाज में थियेटर की भूमिका एवं विश्व नाट्य दिवस” विषय पर एक विचार-विमर्श सभा का आयोजन किया गया। इस चर्चा में शुभ्रांशु दत्त, विश्वनाथ दास, आशीष गुहा, पलाश चक्रवर्ती एवं चंदन पाल सहित कई विशिष्ट कलाकारों ने भाग लिया। वक्ताओं ने अपने विचारों में समाज में थियेटर की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नाटक समाज को सही दिशा दिखाने का एक सशक्त माध्यम है।