सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दुर्गापूजा में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। बंगाल के सबसे बड़े त्योहार दुर्गापूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस खास उत्सव में देशभर से लाखों श्रद्धालु कोलकाता पहुंचते हैं, वहीं विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग दुर्गापूजा का आनंद लेने आते हैं। ऐसे में पूजा के दौरान सुरक्षा, व्यवस्था और अन्य तैयारियों को लेकर सीएम शुभेंदु अधिकारी कल सोमवार को अहम बैठक करेंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, बैठक शाम 4 बजे मिलन मेला प्रांगण में आयोजित होगी। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ कोलकाता व आसपास क्षेत्र के विभिन्न दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधि और आयोजक भी मौजूद रहेंगे। पूजा से जुड़ी तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर समिति के सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की जाएगी। पिछली सरकार के कार्यकाल में भी दुर्गापूजा से पहले सभी पूजा समितियों के साथ बैठक की जाती थी। अब नई सरकार भी पूजा आयोजकों के साथ बैठक करने जा रही है।
माना जा रहा है कि बैठक में पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, बिजली, दमकल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। पिछली सरकार पूजा समितियों के लिए सरकारी अनुदान की घोषणा करती थी। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वर्तमान भाजपा सरकार सभी पूजा समितियों को सरकारी अनुदान देती है या नहीं। इस संबंध में अंतिम फैसला बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।