कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को निर्वासित बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन का कोलकाता में स्वागत करते हुए कहा, "नए बंगाल में आपका हार्दिक स्वागत है। यहां आपके असंख्य प्रशंसक हैं। आप केवल एक बार नहीं, बार-बार आइए। पश्चिम बंगाल में आपकी सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी है।"
'यहां संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुरक्षित'
रवीन्द्र सदन में आयोजित सम्मान समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा, "जिस पश्चिम बंगाल में संविधान के प्रत्येक स्तंभ की रक्षा होती है, वहां सभी को आने और अपनी बात रखने की पूरी स्वतंत्रता है। तसलीमा नसरीन का यहां आना इस बात का प्रमाण है कि नई सरकार के नेतृत्व में राज्य में मौलिक अधिकार सुरक्षित हैं। यहां अब किसी भी प्रकार की धमकी या भय का माहौल नहीं है। वह दौर अब अतीत की बात हो चुका है।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "मुझे इस कार्यक्रम का औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला था, लेकिन तसलीमा नसरीन के आने की सूचना मिलते ही मैं उनका स्वागत करने पहुंच गया। मैं केवल राज्य का मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि सूचना एवं संस्कृति विभाग का प्रभारी भी हूं। इसलिए उनका स्वागत करना मेरा दायित्व था।" इस अवसर पर उन्होंने तसलीमा नसरीन को बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय का चित्र भेंट किया।
19 साल बाद कोलकाता लौटीं बांग्लादेशी लेखिका
लगभग 19 वर्षों बाद तसलीमा नसरीन की कोलकाता वापसी हुई है। वर्ष 2007 में शहर छोड़ने के बाद वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस—दोनों सरकारों के कार्यकाल में उन्हें पश्चिम बंगाल में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली। इस बार वह ''सेक्युलर मिशन'' के निमंत्रण पर रवीन्द्र सदन में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुईं, जबकि उनकी सुरक्षा की व्यवस्था राज्य की भाजपा सरकार ने की।
नीली साड़ी में पहुंचीं तसलीमा की एक झलक पाने के लिए रवीन्द्र सदन के बाहर बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता, मंत्री अग्निमित्रा पाल, मेघालय के पूर्व राज्यपाल तथागत रॉय, कवि बिनायक बंद्योपाध्याय, लेखक मोहित रॉय सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।