सबिता राय, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य की कैबिनेट का पूर्ण विस्तार हो गया है। सोमवार को लोक भवन में राज्यपाल आर एन रवि ने सीएम शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति में 35 बीजेपी विधायकों को नये मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ ही राज्य में सीएम सहित मंत्रियों की संख्या बढ़कर 41 हो गई। इस दिन शपथ ग्रहण लेने वालों में 13 कैबिनेट मंत्री, 3 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 19 राज्य मंत्री हैं जबकि 9 मई को शुभेंदु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ ली थी और 5 कैबिनेट मंत्रियों ने भी उनके शपथ ली थी। अब कुल मंत्रियों की कुल संख्या वर्तमान में 41 है।
क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन
क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन बनाते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ऐसी कैबिनेट तैयार की है, जिसमें डॉक्टर, खिलाड़ी, शिक्षाविद् और पत्रकार और हिंदीभाषी नेताओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिला है। राज्य के नये मंत्रिमंडल में सबसे खास बात यह है कि यहां डॉक्टर, खेल जगत से लेकर शिक्षा जगत से जुड़े लोग यहां तक कि एक समय में परिचारिका रहीं कलिता मांझी को मंत्रिमंडल में जगह दी गयी है। मंत्री शरदवत मुखर्जी और इंद्रनील खां पेशे से डॉक्टर हैं, वहीं कलिता माझी एक समय में परिचारिका का काम करती थीं। अशोक डिंडा खिलाड़ी रहे हैं जबकि प्रोफेसर कल्याण चक्रवर्ती और अरूप कुमार दास सहित कई पेशे से टीचर हैं। पत्रकार से नेता बने स्वपन दासगुप्ता, जिन्होंने दक्षिण कोलकाता की प्रतिष्ठित रासबिहारी सीट जीती, और बीरभूम के सूरी से जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया। नॉर्थ बंगाल से लेकर साउथ बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली और शिल्पांचल हर क्षेत्र पर विशेष फोकस किया गया है। 4 में से तीन हिंदी भाषी बीजेपी विधायकों को भी कैबिनेट में जगह मिली हैं। इनमें अजय पोद्दार, मनोज ओरांव और अर्जुन सिंह को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है जबकि उमेश राय को राज्य मंत्री बनाया गया है। मंत्रिमंडल विस्तार को सरकार के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बुधवार को कैबिनेट की बैठक
नये मंत्रियों को जल्द ही विभागों का आवंटन किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री तापस रॉय ने बताया कि विभागों का बंटवारा बुधवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में होगा। जिसके बाद वे अपने-अपने कार्यभार का निर्वहन शुरू करेंगे। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और जनता की अपेक्षाओं को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा। अब सभी की निगाहें विभागों के बंटवारे और नयी टीम की कार्यशैली पर टिकी हैं। यह शपथ ग्रहण समारोह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के लगभग तीन हफ्ते बाद हुआ है।
कोलकाता से चार मंत्री
कोलकाता से चार मंत्री हैं जिनमें भवानीपुर से स्वयं सीएम शुभेंदु अधिकारी हैं। इसके अलावा रासबिहारी से डॉ. स्वपन दासगुप्ता, नार्थ कोलकाता से मानिकतल्ला से तापस राय और श्यामपुकुर से पूर्णिमा चक्रवर्ती मंत्री बने हैं।