निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : उत्तर हावड़ा के विधायक एवं राज्य मंत्री उमेश राय की पहल पर दो गंभीर रूप से बीमार बच्चों के उपचार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। उमेश राय ने बताया कि 10 माह के शिशु जिज्ञांश साव की ओपन हार्ट सर्जरी के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को पत्र लिखकर आर्थिक सहयोग का अनुरोध किया था। उनकी अनुशंसा को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल के राहत कोष से जिज्ञांश के नाम पहली आर्थिक सहायता मंजूर की है। इसके अलावा, बेबी आराध्या बिस्वास के उपचार के लिए भी विधायक उमेश राय की सिफारिश पर मुख्यमंत्री द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस मदद से दोनों परिवारों को बड़ी राहत मिली है। मंत्री उमेश राय ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए दोनों बच्चों की सहायता के लिए तत्काल कदम उठाने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। विधायक ने ईश्वर से दोनों बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस पहल से क्षेत्र के लोगों में भी खुशी और संतोष का माहौल है।