कोलकाता: आखिरकार काफी जद्दोजहद, बाधाओं और अनिश्चितता को पार करते हुए सीएम ममता बनर्जी शनिवार की रात लंदन के लिए रवाना हो गईं। लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के पास एक बिजली संयंत्र में आग लगने के कारण मुख्यमंत्री की यात्रा में देरी हुई है। नये शेड्यूल के मुताबिक, ममता बनर्जी शनिवार रात करीब 8:30 बजे लंदन के लिए रवाना हुईं। वह रविवार दोपहर तक हीथ्रो पहुंच जाएगी। इस दिन शाम 6.30 बजे वह दमदम हवाई अड्डे पर पहुंचीं। उनके साथ सीएस डॉ. मनोज पंत समेत अन्य अधिकारी तथा मीडिया प्रतिनिधिमंडल भी लंदन जा रहे हैं। एयरपोर्ट में प्रवेश करने से पहले मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए राज्य की जनता को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, मैं 4-5 दिन नहीं रहूंगी लेकिन यहां के लोगों के साथ संपर्क में रहूंगी। अगर कोई भी समस्या होगी तो हम देखेंगे। आप सभी स्वस्थ और शांतिपूर्ण रहें।
हीथ्रो में लगी आग की वजह से दिनभर चली रस्साकशी
बताया गया था कि ममता बनर्जी और उनकी टीम शनिवार की सुबह दुबई के रास्ते लंदन के लिए उड़ान भरेंगी। लेकिन लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के पास एक बिजली संयंत्र में आग लगने के कारण शुक्रवार की सुबह हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया। सभी उड़ानें रद्द कर दी गई। नतीजा यह हुआ कि उस दिन मुख्यमंत्री की फ्लाइट भी रद्द कर दी गयी। मजबूरन उनकी लंदन यात्रा में देरी हुई लेकिन हीथ्रो में स्थिति अब नियंत्रण में है। इसलिए मुख्यमंत्री ने शनिवार की सुबह के बजाय रात की उड़ान से रवाना हुईं। मुख्यमंत्री ने अपनी अनुपस्थिति में प्रशासनिक कामकाज संभालने के लिए पहले ही 10 सदस्यीय टास्क फोर्स का गठन कर दिया था। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह खुद संपर्क में रहेंगी और यदि कोई समस्या होती है तो वे चर्चा कर समाधान करेंगी। शनिवार को भी ममता ने एयरपोर्ट पर खड़े होकर कहा, मैं हमेशा संपर्क में रहूंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देरी होने के कारण यह दौरा काफी थका देने वाला होगा। उन्होंने कहा, हमारे पास रात की फ्लाइट है। हम आधी रात को दुबई पहुंचेंगे। फिर लंदन के लिए फ्लाइट है। यात्रा में लगभग दो दिन लगते हैं। इतनी देर इसलिए लगती है क्योंकि कोई सीधी हवाई सेवा नहीं है। हमारी यात्रा काफी व्यस्त होगी लेकिन आप सभी अच्छे रहें, स्वस्थ रहें। 27 मार्च को सीएम ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के केलॉग कॉलेज में अपना व्याख्यान देंगी और 29 मार्च को कोलकाता लौट आएंगी।