कोलकाता: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर दो दिन के उत्तर बंगाल के दौरे पर जा रही हैं। लगभग एक माह पहले आई विनाशकारी बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बाद मुख्यमंत्री सोमवार 10 नवंबर को हालात का जायज़ा लेने के लिए उत्तर बंगाल पहुंचेंगी। इस दौरान वे बागडोगरा से सड़क मार्ग से सिलीगुड़ी जाएंगी और उत्तरकन्या सचिवालय भवन में उच्च स्तरीय प्रशासनिक बैठक करेंगी।
इस बैठक में उत्तर बंगाल के पाँच जिलों के जिलाधिकारियों सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। सरकारी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित परिवारों को पाँच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगी। जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उन्हें यह मुआवजा दिया जाएगा।
साथ ही, मृतकों के परिवार से एक सदस्य को विशेष होमगार्ड की नौकरी देने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। बाढ़ का पानी उतर जाने के बावजूद कई क्षेत्रों में स्थिति अब भी सामान्य नहीं हुई है। अनेक परिवार तिरपाल के नीचे रह रहे हैं और सामुदायिक रसोईघरों से भोजन प्राप्त कर रहे हैं। उनके घर, दस्तावेज़ और संपत्ति बाढ़ में बह गए हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा पुनर्वास और राहत कार्यों की प्रगति का सीधा मूल्यांकन करने के उद्देश्य से हो रहा है।
ऋचा घोष की मुलाकात को लेकर अटकलें तेज
प्रशासनिक सूत्रों के एक वर्ग का कहना है कि मुख्यमंत्री अपने आगामी उत्तर बंगाल दौरे के दौरान विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य ऋचा घोष से मुलाकात कर सकती हैं। साथ ही, उन्हें सम्मानित भी किया जा सकता है।
हालांकि इस बारे में सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सिलीगुड़ी प्रवास के दौरान ऋचा घोष से मिलकर उन्हें सरकारी नौकरी की पेशकश भी कर सकती हैं।
गौरतलब है कि ऋचा घोष शुक्रवार को सिलीगुड़ी लौटी हैं। सुबह जब वे बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचीं, तो वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहरवासियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। अब देखना दिलचस्प होगा कि मुख्यमंत्री और ऋचा घोष की यह मुलाकात वास्तव में होती है या नहीं।