ममता बनर्जी 
टॉप न्यूज़

सीएम ममता ने पहली बार दी वैलेंटाइन डे की शुभकामनाएं

कहा—प्यार जाति-धर्म और मजहब से ऊपर

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार, 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के अवसर पर अपने एक्स हैंडल पर एक भावनात्मक संदेश साझा कर सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “हैप्पी वैलेंटाइन्स डे, प्यार अमर रहे।” आमतौर पर इस तरह के ‘डे’ पर सार्वजनिक संदेश न देने वाली ममता का यह पोस्ट पहली बार राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

अपने संदेश की शुरुआत में उन्होंने गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की प्रसिद्ध पंक्ति का उल्लेख करते हुए लिखा कि प्रेम जाति, धर्म, वर्ग और संकीर्णताओं से परे एक सार्वभौमिक भावना है। उनके अनुसार, जनता के प्रति सच्चा प्रेम ही उनकी जनसेवा की यात्रा का आधार है—ऐसा प्रेम जो आंधियों को सहने की शक्ति, सुनने का धैर्य और न्याय के लिए लड़ने का साहस देता है।

सीएम के करीबी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ऐसे विशेष ‘दिवसों’ के बारे में अच्छी तरह से अवगत रहती हैं। वह स्वयं इस मामले में काफी खुले विचारों वाली हैं। इसी कारण कई लोगों का मानना है कि मुख्यमंत्री इस दिन के महत्व और उसके सामाजिक प्रभाव से भली-भांति परिचित हैं।

हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी माहौल में यह संदेश सामाजिक सौहार्द और युवा मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। मुख्यमंत्री की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गयी और इसे व्यापक प्रतिक्रिया मिली।

इधर टीएमसी ने भी सीएम की पोस्ट के मद्देनज़र ‘प्यार में आजादी’ थीम के साथ एक वीडियो साझा किया। वीडियो में एक ओर राज्य में उत्सव का माहौल दिखाया गया, तो दूसरी ओर भाजपा शासित राज्यों में कथित पाबंदियों का जिक्र किया गया।

SCROLL FOR NEXT