ममता बनर्जी 
टॉप न्यूज़

एक वोट भी मिला तो भवानीपुर से जीतूंगी : ममता

वोट कटने के मामले पर मुख्यमंत्री का पलटवार

कोलकाता: कोलकाता में सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत दिए। नेताजी इंडोर स्टेडियम में होली और डोल उत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में 60 हजार मत हटाए जाने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और केंद्र की सत्तारूढ़ भाजपा पर तीखा हमला बोला।

ममता बनर्जी ने कहा, “मैं स्तब्ध हूं। ये लोग अमानवीय और प्रतिशोध की राजनीति कर रहे हैं। जानबूझकर नाम काटे गए हैं। मेरा भवानीपुर छोटा सा केंद्र है, वहां से 60 हजार वोट काटे जा रहे हैं। फिर भी मैं कह रही हूं, मैं भवानीपुर से जीतूंगी, अगर एक वोट भी मिला तो भवानीपुर से जीतूंगी। मुझे सभी जाति और धर्म के लोगों पर भरोसा है।” उन्होंने मतदाता नाम हटाने की प्रक्रिया को गंभीर आरोपों के साथ असंवैधानिक और पक्षपातपूर्ण करार दिया।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बंगाल में 1 करोड़ 20 लाख लोगों को मताधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि असली मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं और चुनाव आयोग पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रहा है। 58 लाख नाम बिना सत्यापन के हटाए गए। ममता ने बताया कि वे सुप्रीम कोर्ट गईं, शांतिपूर्वक सहयोग किया, धैर्य रखा, फिर भी जानबूझकर नाम हटाए गए। उन्होंने चेतावनी दी, “आज किसी और का नाम कटा है, कल आपका भी कट सकता है।”

राजनीतिक हलकों में मुख्यमंत्री के भवानीपुर से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। इसी मंच से उन्होंने SIR चरण में 61 मृतक परिवारों के सदस्यों को होमगार्ड की नौकरी के नियुक्तिपत्र भी सौंपे। इसके अलावा उन्होंने 3,500 करोड़ रुपये की कल्याणी एक्सप्रेस के विस्तार (एक्सटेंशन) का शुभारंभ किया।

इस दौरान उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि मतदाता अधिकार सुरक्षित रहेंगे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी प्रकार का राजनीतिक प्रतिशोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। भवानीपुर को लेकर दिए गए उनके बयान ने राज्य में चुनावी माहौल को और अधिक गरम कर दिया है, और राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह संकेत है कि ममता अपनी बहुमत साबित करने के लिए इस सीट से चुनाव में उतर सकती हैं।

SCROLL FOR NEXT