टॉप न्यूज़

JEE Advanced 2026 के बाद डेटा लीक का दावा, IIT रुड़की ने मानी तकनीकी खामी

रिजल्ट और एडमिट कार्ड से जुड़ी हजारों फाइलों तक कथित अनधिकृत पहुंच, क्लाउड स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में गड़बड़ी की जांच शुरू

Bishakhaa Tiwari

देश में नीट पेपर लीक विवाद के बीच अब JEE Advanced 2026 से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है। रिजल्ट घोषित होने के बाद उम्मीदवारों के व्यक्तिगत डेटा के कथित लीक होने की खबरों ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। IIT रुड़की ने स्वीकार किया है कि उसके पोर्टल से जुड़ी क्लाउड स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में तकनीकी खामी थी, जिसके कारण डेटा एक्सेस की आशंका बनी।

मामला तब सामने आया जब एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि JEE Advanced 2026 के रिजल्ट सिस्टम से जुड़े क्लाउड स्टोरेज को बिना पर्याप्त सुरक्षा के एक्सेस किया जा सकता था। पोस्ट के अनुसार, इसमें करीब 1.79 लाख रिजल्ट रिकॉर्ड और 1.87 लाख एडमिट कार्ड PDF मौजूद थे। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने दावा किया कि डेटा में उम्मीदवारों के नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी शामिल थी।

IIT रुड़की ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समस्या क्लाउड स्टोरेज डिवाइस से संबंधित थी और इसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है। संस्थान ने यह भी स्पष्ट किया कि डेटा केवल “रीड-ओनली” मोड में था, इसलिए उसमें किसी प्रकार के बदलाव की संभावना नहीं थी।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि डेटा कितने समय तक प्रभावित रहा और प्रभावित उम्मीदवारों को अलग से सूचित किया जाएगा या नहीं। मामले ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की डेटा सुरक्षा व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

SCROLL FOR NEXT