नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और वह शपथ ग्रहण समारोह के लिए दोबारा राज्य आएंगे।
उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य का माहौल बदलाव का संकेत दे रहा है। उन्होंने कहा, “चार मई के बाद भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में मुझे फिर से आना होगा।”
रैली के दौरान मोदी ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ‘सिंडिकेट राज’, राजनीतिक हिंसा और आर्थिक पिछड़ेपन के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग बंद हो रहे हैं, जबकि अपराधियों के गिरोह फल-फूल रहे हैं।
बैरकपुर के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह भूमि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अहम रही और अब यह पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन की नींव रख रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के समग्र विकास के लिए पश्चिम बंगाल का आगे बढ़ना जरूरी है और पूर्वी भारत का उदय भारत के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण होगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस अपने ‘मां, माटी, मानुष’ के मूल नारे से भटक गई है और राज्य के विकास के लिए उसके पास कोई ठोस दृष्टि नहीं है।