सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

वसूली के आरोप में हावड़ा से सिविक वॉलेंटियर गिरफ्तार

कारोबारी से जबरन 50 हजार रुपये मांगने का है आरोप

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा में पुलिसकर्मियों के रिश्वत और अवैध वसूली के मामलों की लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच अब एक सिविक वॉलेंटियर की गिरफ्तारी से सनसनी फैल गई है। गोलाबाड़ी थाना पुलिस ने तोलाबाजी और जबरन वसूली के आरोप में सिविक वॉलेंटियर मोहम्मद शरीफुद्दीन उर्फ कुर्बान को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने इम्तियाज आलम नामक एक व्यवसायी से जबरन 50 हजार रुपये की वसूली की थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी कुर्बान लंबे समय से गोलाबाड़ी थाने से जुड़ा हुआ था और करीब दस वर्षों से वहां कार्यरत था। व्यवसायी की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

लगातार तीसरे दिन पुलिसकर्मी पर कार्रवाई

गौरतलब है कि सोमवार को बेंटरा थाना क्षेत्र में रिश्वत लेते समय सब-इंस्पेक्टर सुब्रत सरकार को भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इसके अगले दिन मंगलवार को नाजिरगंज जांच केंद्र के कांस्टेबल शुभमय मंडल को भी रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के अधिकारियों ने पकड़ लिया। अब गोलाबाड़ी थाने के सिविक वॉलेंटियर की गिरफ्तारी ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को मोहम्मद शरीफुद्दीन उर्फ कुर्बान को हावड़ा अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT