टॉप न्यूज़

मयूर स्कूल में 11 अक्टूबर को शतरंज चैंपियनशिप

300 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा -चार राज्यों के स्कूली खिलाड़ियों के बीच मुकाबले, 23 आईएम व एफएम रैंक के खिलाड़ी भी दिखाएंगे दमखम

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी: मयूर स्कूल परिसर में 11 अक्टूबर को द्वितीय इंटर स्कूल चेस चैंपियनशिप 2026 आयोजित होगी। दार्जिलिंग जिला शतरंज संघ (डीडीसीए) और सारा बांग्ला दाबा संस्था (एसबीडीएस) के तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता में चार राज्यों के 300 से अधिक छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में 23 इंटरनेशनल मास्टर (आईएम) और फेडरेशन मास्टर (एफएम) रैंक के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर के अलावा बिहार, सिक्किम और असम के खिलाड़ी शामिल होंगे। इसका उद्देश्य स्कूली स्तर पर शतरंज को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देना है।

तीन वर्गों में होंगे मुकाबले

प्रतियोगिता फिडे के नियमों के अनुसार स्विस लीग फॉर्मेट में छह से सात राउंड में होगी। ग्रुप ए में कक्षा चार तक, ग्रुप बी में कक्षा पांच से सात और ग्रुप सी में कक्षा आठ से बारहवीं तक के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। प्रत्येक खिलाड़ी को 15 मिनट का समय मिलेगा और हर चाल के बाद पांच सेकंड अतिरिक्त समय जोड़ा जाएगा।

नकद पुरस्कार और ट्रॉफी

प्रत्येक वर्ग में शीर्ष पांच स्थान हासिल करने वालों को नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी मिलेगी, जबकि छठे से 20वें स्थान तक के खिलाड़ियों को ट्रॉफी दी जाएगी। सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ियों और पहली कक्षा तक के प्रतिभागियों के लिए भी विशेष ट्रॉफी रखी गई है। उत्तर बंगाल के पहले इंटरनेशनल मास्टर देबौष्णिक दे मुख्य अतिथि होंगे। विभिन्न जिलों के शतरंज संघों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

SCROLL FOR NEXT