आज यानी महालया पर कई जिलों में पड़ सकती हैं हल्की फुहारें
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : इस साल दुर्गा पूजा के रंग में मौसम भंग डाल सकता है, जिससे पूजा घूमने वाले श्रद्धालुओं के मन में उत्साह के साथ-साथ बारिश को लेकर हल्की चिंता भी बनी हुई है। अलीपुर मौसम विभाग की विशेष बुलेटिन के अनुसार, इस साल महालया से लेकर अष्टमी तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आज महालया के अवसर पर भी आसमान में ज्यादातर बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की पूरी संभावना है।
दुर्गापूजा के मौसम पर आया बड़ा अपडेट
कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में पंचमी से ही बादलों की आवाजाही तेज हो जाएगी। पंचमी, षष्ठी और महासप्तमी यानी 15 से 17 अक्टूबर तक कोलकाता समेत हावड़ा, हुगली, दोनों 24 परगना और मिदनापुर के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है। इसके बाद 18 और 19 अक्टूबर को भी दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में छिटपुट बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, राहत की खबर यह है कि नवमी यानी 20 अक्टूबर से मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क हो जाएगा, जिससे दशमी और एकादशी का आनंद बिना किसी रुकावट के लिया जा सकेगा। दूसरी ओर, उत्तर बंगाल के निवासियों के लिए मौसम अपेक्षाकृत मेहरबान रहेगा, जहां महालया के बाद सीधे षष्ठी और सप्तमी को कुछ जगहों पर ही छिटपुट बारिश के आसार हैं।
पूजा के दिनों में कुछ यूं होगी बारिश
. महालया से चतुर्थी : आज महालया पर छिटपुट बारिश और 11 से 13 अक्टूबर तक मौसम साफ, लेकिन चतुर्थी को फिर बारिश की वापसी।
पंचमी से सप्तमी (15–17 अक्टूबर) : कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की संभावना।
सप्तमी और अष्टमी (18–19 अक्टूबर) : दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की बारिश, तापमान 26 से 31 डिग्री के बीच।
नवमी से एकादशी (20–22 अक्टूबर): बारिश की कोई संभावना नहीं, दक्षिण बंगाल में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।