सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

चलती ट्रेन में 'खाकी' पहनकर ठगी !

नैहाटी में पुलिस के भेष में चोरी करने वाला कुख्यात गिरफ्तार

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नैहाटी: रेलवे सुरक्षा और यात्रियों की सतर्कता को धता बताकर पुलिस की वर्दी में चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को नैहाटी जीआरपी (GRP) ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी, संजय व्यापारी, हुगली के चुंचुड़ा का निवासी है, जो भेष बदलने में माहिर माना जाता है।

डॉक्टर के सर्टिफिकेट वाला बैग लेकर हुआ था फरार

हाल ही में एक डॉक्टर हुगली के बैंडेल स्टेशन से सियालदह जाने वाली बलिया एक्सप्रेस में सवार हुए थे। उनके पास नकदी के अलावा उनके करियर के सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज—एमबीबीएस (MBBS) की डिग्री, कार्यस्थल का पहचान पत्र और अन्य जरूरी फाइलें थीं। ट्रेन में खाकी वर्दी पहने संजय ने खुद को रेलवे पुलिस का कॉन्स्टेबल बताया और चेकिंग के नाम पर यात्रियों के सामान की तलाशी लेने लगा। मौका मिलते ही वह डॉक्टर का बैग लेकर नैहाटी स्टेशन पर उतर गया।

CCTV फुटेज से खुला राज

जब डॉक्टर को बैग चोरी होने का एहसास हुआ, तो उन्होंने सियालदह जीआरपी में 'जीरो एफआईआर' दर्ज कराई। जांच नैहाटी जीआरपी को सौंपी गई। स्टेशन के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने पर पुलिस दंग रह गई; फुटेज में स्पष्ट दिख रहा था कि पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति बैग लेकर स्टेशन से बाहर जा रहा है। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर शनिवार को संजय को गिरफ्तार कर लिया।

भेष बदलने में माहिर है 'बहरूपिया' चोर

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि संजय कोई साधारण चोर नहीं है। वह कभी कुली, कभी हॉकर तो कभी सुरक्षाकर्मी बनकर यात्रियों का भरोसा जीतता था और फिर उनका मोबाइल या बैग पार कर देता था।

संजय को सियालदह कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 26 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब उससे डॉक्टर का बैग और अन्य दस्तावेज बरामद करने की कोशिश कर रही है।

SCROLL FOR NEXT