सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

बरानगर में भाजपा की 'परिवर्तन यात्रा' के दौरान बवाल ! टीएमसीपी कार्यकर्ता को पीटने का आरोप

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बरानगर: उत्तर 24 परगना के बरानगर इलाके में भाजपा की 'परिवर्तन यात्रा' को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बरानगर नगर पालिका के 10 नंबर वार्ड के अंतर्गत इंस्टीट्यूट इलाके में मंगलवार को उस समय भारी तनाव फैल गया, जब भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दौरान भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस घटना में तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) के एक कार्यकर्ता असीम हलदर को गंभीर चोटें आई हैं और वह वर्तमान में अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

गाली-गलौज और मारपीट का आरोप

तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि जब भाजपा की परिवर्तन यात्रा इंस्टीट्यूट इलाके से गुजर रही थी, तब यात्रा में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहां खड़े तृणमूल समर्थकों को लक्ष्य कर अपशब्द कहे । जब टीएमसीपी कार्यकर्ता असीम हलदर ने इसका विरोध किया, तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें सड़क पर पटक दिया। आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने बांस और लोहे की रॉड से असीम की बेरहमी से पिटाई की। उन्हें लहूलुहान हालत में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद पूरे इलाके में उत्तेजना फैल गई। सूचना मिलते ही बरानगर थाने की विशाल पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। दूसरी ओर, भाजपा नेतृत्व ने इन आरोपों को निराधार बताया है। भाजपा का पलटवार है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने ही पहले उनकी यात्रा में व्यवधान डालने की कोशिश की और उनके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

SCROLL FOR NEXT