मुंबई : सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आर डी टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) ने बॉम्बे हाई कोर्ट में टाटा संस और उसके 6 निदेशकों के खिलाफ बृहस्पतिवार को मुकदमे दायर किए। दोनों ट्रस्ट ने एन चंद्रशेखरन को कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन के रूप में तीसरे 5 साल के कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने को चुनौती दी है।
एसडीटीटी ने 50 करोड़ रुपये और आरडीटीटी ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। दोनों ट्रस्ट ने इस राशि पर सालाना 18% ब्याज भी मांगा है। मुकदमों के अनुसार, चंद्रशेखरन को दोबारा नियुक्त करने के लिए टाटा संस के निदेशक मंडल की 17 सितंबर को पारित प्रस्ताव अमान्य था, क्योंकि इसे कंपनी के अंतर्नियमों (एओए) के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी समर्थन में मत नहीं मिला था। हाई कोर्ट का एकल पीठ शुक्रवार को इन मुकदमों पर सुनवाई कर सकता है। ट्रस्ट ने तत्काल राहत के तौर पर यह मांग की है कि 30 नवंबर को होने वाली निदेशक मंडल की बैठक में नामित निदेशकों के बीच मतभेद की स्थिति में टाटा संस के चेयरमैन अपने निर्णायक मताधिकार का इस्तेमाल न कर सकें।
यह विवाद 17 सितंबर को निदेशक मंडल की बैठक में चंद्रशेखरन को टाटा संस का कार्यकारी चेयरमैन अगले 5 साल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने के बाद शुरू हुआ। दोनों ट्रस्ट ने बुधवार रात बॉम्बे हाई कोर्ट जाने के प्रस्तावों को मंजूरी दी थी। उनका कहना है कि 17 सितंबर के बाद से इस मामले में भेजे गए पत्रों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। नोएल टाटा की अध्यक्षता वाले टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब 66% हिस्सेदारी है। ट्रस्ट ने 17 सितंबर को पारित निदेशक मंडल के प्रस्ताव को चुनौती दी है।
ट्रस्ट ने 20 सितंबर को जारी बयान में कहा था कि यह प्रस्ताव वैध रूप से पारित नहीं हुआ और इसका कोई कानूनी प्रभाव नहीं है। इस विवाद के केंद्र में टाटा संस के अंतर्नियम और ट्रस्ट की ओर से नामित निदेशकों को दिए गए विशेष अधिकार हैं। टाटा संस के निदेशक मंडल में ट्रस्ट के 2 नामित निदेशक नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन हैं। 17 सितंबर को नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के खिलाफ मतदान किया था, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसके समर्थन में मतदान किया था। ट्रस्ट के अनुसार, इस फैसले के समर्थन में दोनों नामित निदेशकों का मतदान करना जरूरी था।