टॉप न्यूज़

NEET लीक केस में CBI एक्शन, बड़ा रैकेट सामने आने के संकेत

आरोपी शुभम खैरनार CBI कोर्ट में पेश, जांच में बड़े नेटवर्क की आशंका

मुंबई/नई दिल्ली : NEET पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपी शुभम खैरनार को मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट स्थित CBI अदालत में पेश किया गया। CBI ने अदालत से उसे आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाने की अनुमति मांगी है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

जांच एजेंसी का कहना है कि इस मामले में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है। इसी वजह से शुभम खैरनार से गहन पूछताछ बेहद जरूरी मानी जा रही है। इस बीच, मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों ने CBI जांच पर सवाल उठाए हैं। मीडिया से बात करते हुए एक आरोपी ने आरोप लगाया कि “बड़े लोगों को बचाया जा रहा है।” जयपुर में पकड़े गए एक अन्य आरोपी ने भी इसी तरह के आरोप लगाए, जिससे जांच पर नए सवाल खड़े हो गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, CBI इस मामले की जांच कई राज्यों में कर रही है और इसे एक बड़े संगठित नेटवर्क से जोड़कर देख रही है। एजेंसी को शक है कि इस पेपर लीक में सिर्फ बाहरी लोग ही नहीं, बल्कि सिस्टम के अंदर के लोग भी शामिल हो सकते हैं, जो संवेदनशील जानकारी बाहर पहुंचा रहे थे।

केंद्र सरकार ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच CBI को सौंपी है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक कैसे हुआ, इसमें कौन-कौन शामिल था और परीक्षा प्रक्रिया में कहां चूक हुई।

वहीं, NTA ने कहा है कि NEET-UG 2026 की नई परीक्षा तारीख जल्द घोषित की जाएगी। साथ ही, सभी उम्मीदवारों की परीक्षा फीस भी वापस की जाएगी और नए एडमिट कार्ड का शेड्यूल बाद में जारी होगा।

इस पूरे घटनाक्रम ने NTA की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं और अब सभी की नजर जांच के नतीजों पर टिकी है।

SCROLL FOR NEXT