इंदौरः मध्यप्रदेश के इंदौर में पेंटहाउस के व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद के बीच प्रदर्शन कर रहे लोगों पर कार चढ़ाने के आरोप में एक व्यक्ति और उसके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि दो बच्चों की मां शम्पा पाठक पांडेय की बृहस्पतिवार को एक स्थानीय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे उस समय हुई, जब पेंटहाउस के मालिक कुलदीप चौधरी (42) और उसके बेटे मोहित चौधरी (18) ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को कार से टक्कर मार दी।
दंडोतिया के अनुसार, पेंटहाउस के व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर लोग प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर तेज रफ्तार से कार चलाते हुए विरोध कर रहे लोगों को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि वाहन ने पहले एक महिला को टक्कर मारी और फिर शम्पा को कुचल दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और मस्तिष्क में रक्तस्राव हुआ।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि शम्पा को बॉम्बे अस्पताल ले जाया गया, जहां बृहस्पतिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। शम्पा बेंगलुरु स्थित एक प्रमुख आईटी सेवा कंपनी में कार्यरत थीं। इस घटना में घायल दूसरी महिला का उपचार जारी है। दंडोतिया ने बताया कि यह घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित एक इमारत में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। उन्होंने कहा, “कुलदीप और मोहित को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।” पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।