निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के शोर के बीच बशीरहाट के हाड़ोआ इलाके में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक तृणमूल कांग्रेस (TMC) कर्मी की अत्यंत बर्बरता से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय मशिउर काजी के रूप में हुई है, जो देगंगा के चापातला पंचायत के गांगनिया गांव का निवासी था। गुरुवार सुबह हाड़ोआ के झुजुरगाछा गांव के पास सड़क किनारे उसका लहूलुहान शव मिलने से इलाके में भारी तनाव फैल गया है।
बर्बरता की हदें पार
स्थानीय लोगों के अनुसार, मशिउर का शव एक कंबल में लिपटा हुआ था। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसके दोनों हाथ कलाई से काट दिए थे और एक पैर भी टूटा हुआ था। मृतक के भाई मोतालेब काजी ने आरोप लगाया कि पहचान छिपाने के लिए मशिउर के चेहरे पर एसिड भी डाला गया है। घटनास्थल पर चारों ओर खून के धब्बे बिखरे पड़े थे, जो संघर्ष की गवाही दे रहे थे।
बुधवार से था लापता
परिजनों का कहना है कि बुधवार को मशिउर के पास किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकला और फिर वापस नहीं लौटा। रात भर उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। गुरुवार सुबह पुलिस के जरिए परिवार को इस भयावह घटना की जानकारी मिली। पुलिस के प्राथमिक अनुमान के अनुसार, उसे किसी धारधार हथियार से काटकर मारा गया है।
राजनीतिक मोड़
चुनाव के ठीक पहले हुई इस हत्या को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। परिवार ने इसे सुनियोजित राजनीतिक हत्या करार दिया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोषियों की तलाश जारी है।