निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के दौरान हिंसा की एक बड़ी घटना सामने आई है। बनगांव दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के गोपालनगर थाना अंतर्गत चौती इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अनुसूचित जाति (SC) सेल की एक प्रचार गाड़ी पर जानलेवा हमला हुआ है। आरोप है कि इस दौरान न केवल तोड़फोड़ की गई, बल्कि गोलियां भी चलाई गईं।
TMC प्रत्याशी ऋतुपर्णा आढ़्य ने आरोप लगाया कि जब उनका प्रचार वाहन चौती इलाके से गुजर रहा था, तब भाजपा प्रत्याशी स्वपन मजूमदार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लाठी, दरांती, फावड़ा और हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। TMC का दावा है कि हमलावरों ने पिस्टल निकालकर कार्यकर्ताओं को डराया और मारपीट की। इस हमले में दो TMC कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बनगांव उप-मंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऋतुपर्णा ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे बड़े आंदोलन पर उतरेंगी।
दूसरी ओर, भाजपा प्रत्याशी स्वपन मजूमदार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि वे रात में अपने कार्यकर्ताओं के साथ घर लौट रहे थे, तभी TMC समर्थकों ने उनकी गाड़ी पर पथराव किया और उनके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। मजूमदार ने भी प्रशासन के पास इस घटना की शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।