सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

ISF नेता के घर के बाहर मिले बम!

चुनाव से पहले बढ़ा तनाव, टीएमसी और ISF में जुबानी जंग तेज

नि​धि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान से ठीक एक हफ्ते पहले देगंगा इलाके में बम मिलने से हड़कंप मच गया है। देगंगा के गोवर्धनपुर इलाके में आईएसएफ (ISF) के क्षेत्र सचिव मोहम्मद हबीबुल रहमान के घर के दरवाजे पर शुक्रवार सुबह दो बम बरामद किए गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

टीएमसी बनाम आईएसएफ: आरोपों का दौर

घटना की जानकारी मिलते ही देगंगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बमों को निष्क्रिय किया। आईएसएफ नेता हबीबुल रहमान ने सीधे तौर पर सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में पद्मपुकुर बाजार में एक चुनावी जनसभा के दौरान उन्होंने टीएमसी के भ्रष्टाचार के खिलाफ तीखा भाषण दिया था, जिसका बदला लेने के लिए उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि यह दूसरी बार है जब उनके घर के बाहर इस तरह से बम रखे गए हैं।

टीएमसी का पलटवार: 'यह आईएसएफ का नाटक है'

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। स्थानीय टीएमसी नेताओं का कहना है कि चुनाव के समय सहानुभूति बटोरने और भय का माहौल बनाने के लिए आईएसएफ खुद यह 'नाटक' कर रही है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कुछ दिन पहले इसी इलाके के जंगल से आईएसएफ द्वारा जमा किए गए बम बरामद हुए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि चुनाव से पहले शांति भंग करने की कोशिश के पीछे असली हाथ किसका है।

SCROLL FOR NEXT