निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हालीशहर: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मतदान से ठीक पहले उत्तर 24 परगना जिले के हालीशहर इलाके में भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने से हड़कंप मच गया है। बुधवार को हलीशहर नगर पालिका के वार्ड नंबर 23 स्थित नैहाटी जूट मिल रोड (पक्का लाइन) इलाके में बम होने की खबर से दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया।
मौके पर पहुंची बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) ने सघन तलाशी अभियान चलाकर 12 जिंदा बम बरामद किए। ये बम बेहद शक्तिशाली बताए जा रहे हैं, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित स्थान पर ले जाकर निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह स्थान रणनीतिक रूप से अत्यंत संवेदनशील है क्योंकि यह नैहाटी और बीजपुर—इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों का सीमावर्ती (Border Area) इलाका है।
चुनाव के मुहाने पर इतनी बड़ी संख्या में बमों का मिलना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि चुनाव से ठीक पहले ये बम यहाँ किसने और किस उद्देश्य से जमा किए थे। स्थानीय लोगों और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मतदान के दौरान गड़बड़ी पैदा करने और मतदाताओं को डराने-धमकाने के लिए इन बमों को स्टॉक किया गया था। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज कर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और बॉर्डर पर चौकसी तेज कर दी गई है।