निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर: बैरकपुर के व्यस्ततम मुख्य डाकघर (हेड पोस्ट ऑफिस) को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया। एक धमकी भरे ईमेल ने न केवल डाकघर के कामकाज को ठप कर दिया, बल्कि इलाके में भारी दहशत फैला दी। आनन-फानन में पुलिस ने पूरे परिसर को खाली कराकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को बैरकपुर मुख्य डाकघर के आधिकारिक मेल पर एक संदेश आया, जिसमें दावा किया गया कि डाकघर परिसर के भीतर बम रखा गया है। जैसे ही यह खबर अधिकारियों तक पहुँची, तुरंत बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट को सूचित किया गया। बिना समय गंवाए पुलिस और बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया।
धमकी के तुरंत बाद सुरक्षा कारणों से पोस्ट ऑफिस के अंदर मौजूद कर्मचारियों और आम नागरिकों को बाहर निकाल दिया गया। इसके चलते डाक सेवाओं के साथ-साथ पासपोर्ट सेवा केंद्र का काम भी पूरी तरह बंद हो गया, जिससे दूर-दराज से आए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। काम कर रहे कर्मचारी इतने डरे हुए थे कि उन्होंने अपने परिजनों को सुरक्षित होने की जानकारी दी। वहीं, खबर मिलते ही कर्मचारियों के परिजन भी लगातार फोन कर उनका हालचाल पूछते नजर आए।
बम निरोधक दस्ते ने खोजी कुत्तों की मदद से डाकघर के हर कोने, पार्सल रूम और काउंटर एरिया की सघन तलाशी ली। हालांकि, प्राथमिक जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह ईमेल कहाँ से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है। फिलहाल एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को पुलिस ने अपने नियंत्रण में रखा है।