निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : उत्तर 24 परगना जिले के मीनाखां थाना अंतर्गत मालंच-बाछड़ा फेरी घाट पर अचानक नौका परिचालन बंद होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गुरुवार को फेरी सेवा पूरी तरह ठप रहने के कारण नदी के दोनों ओर संपर्क टूट गया, जिससे काम पर जाने वाले दैनिक यात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
गुटबाजी ने रोका रास्ता
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मीनाखां के मोहनपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत कई गांवों के लिए यह फेरी घाट ही आवागमन का एकमात्र सहारा है। बड़ी संख्या में लोग रोजाना यहाँ से मालंच और कोलकाता की ओर काम के सिलसिले में जाते हैं। अचानक सेवा बंद होने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि फेरी घाट के नियंत्रण और वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच चल रहे मतभेद के कारण ही इस संकट की स्थिति पैदा हुई। बिना किसी पूर्व सूचना के नावें बंद किए जाने से यात्रियों में गहरा आक्रोश देखा गया।
पुलिस के हस्तक्षेप से सुलझा मामला
स्थिति बिगड़ने की खबर मिलते ही मीनाखां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रशासन और मालंच लोटस क्लब के सदस्यों के साझा प्रयास से विवाद को शांत कराया गया, जिसके बाद पुनः नौका परिचालन शुरू हो सका। हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन स्थानीय निवासियों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।