सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत करने पर BLO को मिली धमकी, थाने पहुंचे

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : समाज के प्रति जागरूकता दिखाना नदिया के शांतिपुर में एक युवक के लिए जी का जंजाल बन गया। चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत करने पर एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर कथित रूप से धमकाया और प्रताड़ित किया गया, जिसके बाद पीड़ित को सुरक्षा के लिए थाने की शरण लेनी पड़ी।

क्या है पूरा मामला?

शांतिपुर के घोलाडांगा इलाके के रहने वाले एक बीएलओ युवक ने फर्ज निभाते हुए सरकारी संपत्ति (बिजली के खंभे) पर लगे एक राजनीतिक पोस्टर की शिकायत चुनाव आयोग (ECI) के पोर्टल पर दर्ज की थी। नियम के अनुसार, सरकारी संपत्ति पर प्रचार सामग्री लगाना प्रतिबंधित है। शिकायत के कुछ ही देर बाद पोर्टल पर 'स्टेटस' में दिखाया गया कि पोस्टर हटा दिया गया है और आयोग ने शिकायत को सही माना।

धमकी और डेटा सुरक्षा पर सवाल

विवाद तब शुरू हुआ जब अगले दिन युवक के पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को चुनाव आयोग के नेटवर्क से जुड़ा बताया और युवक पर गलत लोकेशन से शिकायत करने का आरोप लगाया। युवक का दावा है कि उस व्यक्ति ने उसे पुलिस के जरिए गिरफ्तार करवाने की धमकी दी और किसी दूरदराज के इलाके में बुलाने का दबाव बनाया।

पीड़ित युवक ने गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, "जब पोर्टल पर शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखने का प्रावधान है, तो उस व्यक्ति के पास मेरा नाम और नंबर कैसे पहुँचा?" युवक ने लोकेशन की तकनीकी खराबी की आशंका जताते हुए शांतिपुर थाने में जनरल डायरी (GD) दर्ज कराई है। यह घटना चुनावी पोर्टल की सुरक्षा और शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।

SCROLL FOR NEXT