सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह में ‘‘ मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2025’’ (SIR) के अंतर्गत मतदाता सूची अद्यतन का कार्य तेज से जारी है। इस महत्त्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में बूथ स्तर अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। दक्षिण अंडमान, कार निकोबार तथा उत्तर एवं मध्य अंडमान—इन तीनों जिलों में बूथ स्तर अधिकारियों के उल्लेखनीय कार्यों को मान्यता देते हुए प्रशासन द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। दक्षिण अंडमान जिले में श्री विजयपुरम तहसील के भाग संख्या 140, श्यामनगर-पहला की बूथ स्तर अधिकारी स्नेहा सिकदर ने अपने क्षेत्र में ‘‘गणना पत्र’’ के वितरण तथा संग्रहण का शत-प्रतिशत कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया। उनके इस समर्पित प्रयास की सराहना करते हुए सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी कमलेश्वर राव ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। प्रशासन ने उनके कार्य को मतदाता सूची संशोधन की प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने वाला बताया और कहा कि ऐसे कार्यकर्ता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। कार निकोबार में भी ‘‘विशेष गहन पुनरीक्षण 2025’’ के दौरान दो बूथ स्तर अधिकारियों स्मति सेवरीना (आंगनाबाड़ी कार्यकर्ता) तथा स्मृति अलीशा मोना (प्राथमिक शिक्षिका) ने अत्यंत उत्कृष्ट कार्य करते हुए क्रमशः 99.37 प्रतिशत तथा 97.28 प्रतिशत ‘‘गणना पत्रों’’ का डिजिटलीकरण पूरा किया। इनके सम्मान में जिला निर्वाचन अधिकारी तथा उपायुक्त निकोबार की उपस्थिति में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ उनके परिश्रम, ईमानदारी तथा जन-हित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की गई। उत्तर एवं मध्य अंडमान जिले में भी अनेक बूथ स्तर अधिकारियों ने शत-प्रतिशत ‘‘गणना पत्र’’ संग्रहण और डिजिटलीकरण कर प्रशासन का मान बढ़ाया है। सम्मानित अधिकारियों में ऑस्टिन-द्वितीय के गेब्रियल तीरकी, बोरंग के नोएल बारला, बुद्धा नल्लाह के दयाशंकर यादव, लोरोजिग के रंजीत सोसन तीरकी, रैंगट क्षेत्र के बिरसा उरांव तथा अभयगढ़ की जॉनी उरांव शामिल हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय ने उनके समर्पित कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निष्ठा से मतदाता सूची में पारदर्शिता और समयबद्ध सुधार सुनिश्चित हुआ है। प्रशासन ने सभी बूथ स्तर अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने हेतु प्रेरित किया और जनता सहित सभी संबंधित विभागों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। द्वीपसमूह में यह सामूहिक प्रयास मतदाता सूची अद्यतन को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।