निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : पुराना सोना खरीदने के नाम पर कथित ठगी करने के आरोप में हावड़ा के जयपुर थाना क्षेत्र के झिकिरा निवासी भाजपा के एक युवा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम कौशिक मंडल है। निमता थाना पुलिस उसे हिरासत में लेकर ठगे गए सोने की बरामदगी का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने और किन-किन लोगों के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी की है।
ठगे गए सोने की बरामदगी में जुटी टीम
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता कोलकाता पुलिस के एक कर्मचारी का बेटा है। उसका एक मित्र मूल रूप से झिकिरा का रहने वाला है, जो वर्तमान में निमता में रहता है। उसी मित्र के माध्यम से युवक की पहचान कौशिक मंडल से हुई। युवक को बताया गया कि कौशिक पुराने सोने को लगभग नए सोने की कीमत पर खरीदता है। आरोप है कि युवक घरवालों को बताए बिना अपनी मां के पुराने सोने के गहने लेकर कौशिक के पास पहुंचा। वहां आरोपी ने कथित रूप से बेहद कम कीमत देकर सोना खरीद लिया। जब परिवार को इसकी जानकारी मिली तो पुलिसकर्मी पिता ने कौशिक से सोना लौटाने की मांग की, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद निमता थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।