टॉप न्यूज़

बंगाल फतह की तैयारी, भाजपा ने संगठन को चुनावी मोड में झोंका

सरकार को घेरने भाजपा का बड़ा दांव, नई टीम मैदान में चुनाव से पहले संगठनात्मक हमला, बंगाल में भाजपा ने कसी कमर

Krishna Das Parth

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। पार्टी ने राज्य कार्यालय पदाधिकारियों और विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा कर चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। यह सभी नियुक्तियां राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की सहमति और अनुमोदन से तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं। माना जा रहा है कि इन बदलावों के जरिए भाजपा जमीनी संगठन को मजबूत कर ममता बनर्जी सरकार को कड़ी चुनौती देने की रणनीति पर काम कर रही है।

राज्य अध्यक्ष सहित प्रमुख नियुक्तियां

भाजपा पश्चिम बंगाल के संगठनात्मक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए वरिष्ठ नेता सामिक भट्टाचार्य को राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में पार्टी चुनावी मोड में पूरी तरह सक्रिय होने जा रही है।

उपाध्यक्षों और महासचिवों की मजबूत टीम

पार्टी ने संतुलित सामाजिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए कई उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं। इनमें संजय सिंह, राजू बनर्जी, देबश्री चौधुरी, अग्निमित्रा पॉल, दीपक बर्मन, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, मनोज टिग्गा, निशीथ प्रमाणिक, तपस रॉय, अमिताभ रॉय, तनुजा चक्रवर्ती और प्रबल राहा शामिल हैं।

वहीं संगठन संचालन की अहम जिम्मेदारी महासचिवों—ज्योतिर्मय सिंह महतो, लॉकेट चटर्जी, सौमित्र खान, बापी गोस्वामी और शशि अग्निहोत्री—को सौंपी गई है।

सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यालय प्रबंधन

संगठन को जमीनी स्तर पर धार देने के लिए 12 सचिवों की नियुक्ति की गई है। साथ ही आशीष बापट को कोषाध्यक्ष, प्रवीण अग्रवाल और विद्यासागर मंत्री को संयुक्त कोषाध्यक्ष बनाया गया है। प्रणय रॉय कार्यालय सचिव और प्रत्युष मंडल संयुक्त कार्यालय सचिव होंगे।

सोशल मीडिया, आईटी और मीडिया विभाग सक्रिय

चुनाव में डिजिटल और मीडिया की भूमिका को देखते हुए सोशल मीडिया प्रभारी सप्तर्षि चौधरी और आईटी प्रभारी जॉय मलिक की टीम को मजबूत किया गया है। मीडिया विभाग में देबजीत सरकार को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है।

भाजपा का यह संगठनात्मक विस्तार स्पष्ट संकेत देता है कि पार्टी बंगाल चुनाव को लेकर आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर चुकी है।

SCROLL FOR NEXT