नयी दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को परिसीमन विधेयक पर भाजपा पर निशाना साधा कि सत्तारूढ़ दल ‘वोट चोरी’ को छिपाने के लिए परिसीमन करवा रहा है। भाजपा देश को तानाशाही की ओर धकेल रही है लेकिन हम भाजपा को कामयाब नहीं होने देंगे। राहुल गांधी ने साथ ही फिर से दोहराया कि 2024 का लोकसभा चुनाव अवैध था।
जनगणना को बेमतलब कर दिया
राहुल गांधी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जातिगत जनगणना को किनारे कर दिया गया है। इससे 2027 की जनगणना को बेमतलब कर दिया गया है। क्योंकि इसमें कुछ बहुत ही मुश्किल फैक्ट्स सामने आयेंगे, जो भाजपा को पसंद नहीं हैं। इसलिए वे 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने जा रहे हैं और 2051 तक सब कुछ फ्रीज कर दिया जायेगा।
वे SC, ST, OBC के अधिकारों को कमजोर कर रहे हैं, अल्पसंख्यकों को कमजोर कर रहे हैं। SC/ST सीटों का हिस्सा 40 साल तक फ्रीज रहेगा। राहुल ने कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव देश के लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश है। हम एक बायपार्टिसन डिलिमिटेशन कमिशन चाहते हैं। जब महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है, तो लोकसभा की सीटें 850 करने की जरूरत क्यों है।
मोदी-शाह और ज्ञानेश को घेरा
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा की वे यह नया विचार लेकर आये हैं। संसद 850 सीटें भाजपा को भारत का चुनावी नक्शा फिर से तैयार करने का मौका देंगी, जिससे एक भी वोट पड़ने से पहले ही उन्हें भारी बढ़त मिल जायेगी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्होंने EVM पर कब्जा कर लिया। वोटिंग प्रोसेस पर कब्जा कर लिया। अब वे पूरे चुनाव क्षेत्र के स्ट्रक्चर को खत्म करना चाहते हैं।
फिर 2024 का जिक्र
उन्होंने फिर कहा कि पिछला लोकसभा चुनाव एक अवैध चुनाव था। हम, देश के युवाओं और Gen Z ने वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा को घेर लिया है। अब वे एक नया प्लान लेकर आए हैं और एक नया रास्ता खोलने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी पोलिंग से पता चलता है कि 80 फीसदी भारत और लगभग 100 फीसदी Gen Z मानते हैं कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार चुनाव चुरा लेते हैं।