निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : बागनान और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों से हर दिन कोलकाता और साल्टलेक (करुणामयी) की यात्रा करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग उठी है। आमता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अमित सामंत ने इस संबंध में राज्य के परिवहन मंत्री और हावड़ा के जिला मजिस्ट्रेट (DM) को एक लिखित प्रस्ताव भेजा है। विधायक अमित सामंत ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बागनान सहित ग्रामीण हावड़ा के एक बड़े हिस्से से लोग नौकरी, उच्च शिक्षा, सरकारी काम, चिकित्सा और व्यवसाय के सिलसिले में नियमित रूप से कोलकाता और साल्टलेक आते-जाते हैं।
बीजेपी विधायक ने परिवहन मंत्री को लिखा पत्र
वर्तमान में कोई सीधी सरकारी बस सेवा नहीं होने के कारण यात्रियों को बार-बार वाहन बदलने पड़ते हैं, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होते हैं। यात्रियों की इस दीर्घकालिक परेशानी को दूर करने के लिए विधायक ने 'बागनान-धुलागढ़-विद्यासागर सेतु-करुणामयी (साल्टलेक)' रूट पर सीधी बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने दावा किया कि यदि यह रूट चालू होता है, तो न केवल बागनान बल्कि आमता, उलूबेड़िया और पांचला जैसे विभिन्न ब्लॉकों के छात्रों, कर्मचारियों, बुजुर्गों और मरीजों को बेहद कम खर्च में सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। अब देखना यह है कि परिवहन विभाग इस जनहित के प्रस्ताव पर क्या फैसला लेता है।