निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : बारासात अंचल के दत्तोपुकुर थाना अंतर्गत कदम्बगाछी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ देगंगा 1 मंडल के बीजेपी सचिव श्यामल साहा पर एक गृहिणी को कु-प्रस्ताव देने और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगा है।
क्या है पूरा मामला?
आरोप के अनुसार, बीजेपी नेता श्यामल साहा काफी समय से पीड़िता को परेशान कर रहे थे। सोमवार देर रात वह जबरन महिला के घर में घुस गए और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपी नेता को रंगे हाथों पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई (गणधोलाई) कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कदम्बगाछी चौकी की पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को आरोपी को बारासात अदालत में पेश किया गया, जहाँ से जज ने उसे पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। राज्य के खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनिया ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कानून अपना काम करेगा और दोषी को सख्त सजा मिलेगी।