सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य में भाजपा सरकार के गठन के बाद आज सोमवार को दूसरी कैबिनेट बैठक होने जा रही है। इससे पहले गत सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहली कैबिनेट बैठक में छह अहम फैसलों पर मुहर लगायी थी।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आज की बैठक नवान्न में होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। सरकार प्रशासनिक सुधार, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर बड़े फैसले ले सकती है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि दूसरी कैबिनेट बैठक में सरकार कौन-कौन से नये निर्णय लेती है और जनता को क्या संदेश देती है। पहली कैबिनेट बैठक में सीमाई सुरक्षा को लेकर बीएसएफ को आवश्यक जमीन सौंपने की प्रक्रिया शुरू करने, राज्य को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान बीमा योजना, पीएम श्री, विश्वकर्मा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और उज्ज्वला योजना समेत कई केंद्रीय योजनाओं को तेजी से लागू करने जैसे अहम फैसले लिये गये थे। इसके अलावा सरकारी नौकरी की आयु सीमा पांच वर्ष बढ़ाने और राज्य में बीएनएस लागू करने को भी मंजूरी दी गयी थी।
डीए और सातवें वेतन आयोग पर हो सकती है चर्चा
आज 18 मई को प्रस्तावित दूसरी कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ता (डीए), सातवें वेतन आयोग और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। महत्वपूर्ण निर्णय लिये जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने पिछली बैठक के बाद संकेत दिया था कि अगली कैबिनेट में महिलाओं के खिलाफ अपराध, भ्रष्टाचार और शासन व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। राज्य सरकार के कर्मचारी लंबे समय से केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बराबर डीए की मांग कर रहे हैं। यह मामला फिलहाल उच्चतम न्यायालय में लंबित है। सरकार बदलने के बाद कर्मचारियों को उम्मीद है। आज की कैबिनेट बैठक पर पूरे बंगाल की नजर टिकी हुई है कि नई सरकार राज्य के लिए कौन-कौन सी बड़ी घोषणाएं करती है।