निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के चटर्जीहाट थाना अंतर्गत गवर्नमेंट क्वार्टर इलाके में पार्टी कार्यालय के निर्माण और इस्तेमाल को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। भाजपा का आरोप है कि जब उनके कार्यकर्ता नए दफ्तर की तैयारी को लेकर चर्चा कर रहे थे, तभी कांग्रेस समर्थकों ने आकर विरोध जताया और मारपीट शुरू कर दी। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस का दावा है कि उनके एक वरिष्ठ समर्थक के कार्यालय में पूजा आयोजन की बैठक चल रही थी, जहाँ भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर नारेबाजी की और वरिष्ठ समर्थक के साथ हाथापाई की।
घटना की सूचना मिलते ही चटर्जीहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। हालांकि, पुलिस कार्रवाई और घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चटर्जीहाट थाने के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।