मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा उत्तर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी उमेश राय चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर महिला अपराधियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश की तर्ज पर ‘एनकाउंटर’ की कार्रवाई की जाएगी। प्रचार के दौरान उमेश राय ने कहा, बंगाल में भाजपा की जीत के बाद उत्तर प्रदेश वाली निती अपनाई जायेगी। उन्होंने कहा, “महिला से जुड़े अपराध में सुबह पकड़ेंगे और रात तक खत्म कर देंगे। दुष्कर्म जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी और अपराधियों में डर पैदा किया जाएगा।”उनके इस बयान पर राजनीतिक महकमे में सवाल उठने लगे हैं। आलोचकों का कहना है कि बिना अदालत में दोष साबित हुए ‘एनकाउंटर’ की बात करना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार गौतम चौधरी ने कहा कि “एक जिम्मेदार राजनीतिक व्यक्ति से ऐसे अपरिपक्व बयान की उम्मीद नहीं की जाती।”गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में ‘एनकाउंटर नीति’ को लेकर पहले भी विवाद होते रहे हैं। अब पश्चिम बंगाल में इस तरह के बयान से राजनीतिक बहस तेज हो गई है।