नयी दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भगवान शिव और देवी पार्वती के ‘अर्द्धनारीश्वर’ स्वरूप को दर्शाती एक मूर्ति की तस्वीर साझा करते हुए रविवार को आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ‘असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष वर्चस्ववादी’ हैं। उन्हें आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल समझ नहीं है।
राहुल ने मां सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के दौरान कहा था कि ‘खाने के समय मम्मी पापा की गोद में बैठी होती थीं।’ इस टिप्पणी को लेकर राहुल को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था, जिसके जवाब में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने तस्वीर साझा कर आरोप लगाये। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना गहराई से समझ रहा हूं, यह बात उतनी ही स्पष्ट होती जा रही है। राहुल ने एलिफेंटा की गुफाओं की एक मूर्ति की तस्वीर साझा की, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती के संयुक्त स्वरूप को ‘अर्धनारीश्वर’ के रूप में दर्शाया गया है। अर्धनारीश्वर हिंदू धर्म के एक ऐसे देव स्वरूप हैं, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती एक ही शरीर के आधे पुरुष और आधे स्त्री रूप में विराजमान हैं। उन्होंने 12वीं शताब्दी के एक मंदिर की मूर्ति की तस्वीर भी साझा की थी, जिसमें देवी पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी दिखायी गयी हैं।