सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

हावड़ा में नदी के चर पर अवैध रिसॉर्ट और होटल निर्माण का आरोप

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा ग्रामीण के श्यामपुर और उलूबेड़िया विधानसभा क्षेत्रों में हुगली नदी के चर (रेतीले भूभाग) पर अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में नदी के चर पर कब्जा कर कई आलीशान रिसॉर्ट, होटल, गेस्ट हाउस, ईंट भट्ठे और जहाज निर्माण कारखाने खड़े किए गए, जिससे पर्यावरण और स्थानीय जनजीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। श्यामपुर-1 ब्लॉक के बेलाड़ी क्षेत्र में नदी किनारे कई रिसॉर्ट और होटल संचालित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन प्रतिष्ठानों के मालिक नदी के चर पर अवैध कब्जा कर शादी, जन्मदिन और पिकनिक जैसे आयोजनों के लिए भारी किराये पर परिसर उपलब्ध करा रहे हैं। कई स्थानों पर रातभर डीजे पार्टियां आयोजित होती हैं। आरोप यह भी है कि कुछ रिसॉर्ट मालिकों ने प्रशासन की अनुमति के बिना नदी किनारे कंक्रीट की दीवारें भी खड़ी कर दी हैं।

भाजपा ने उठाये सवाल, अविलंब कार्रवाई की रखी मांग

भाजपा युवा मोर्चा के स्थानीय नेता आशीष नस्कर ने दावा किया कि क्षेत्र में मौजूद अधिकांश होटल, रिसॉर्ट, ईंट भट्ठे और जहाज कारखाने तृणमूल शासन के दौरान बने हैं। उनका कहना है कि राजनीतिक संरक्षण के बिना इस प्रकार का निर्माण संभव नहीं था। भाजपा का आरोप है कि सरकारी जमीन और नदी के चर पर अवैध कब्जे के जरिए लाखों रुपये की कमाई की जा रही है, जबकि सरकारी खजाने को कोई राजस्व नहीं मिल रहा। भाजपा नेताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर अवैध कब्जों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी के किनारों से मिट्टी काटने और अवैध निर्माण के कारण कटाव बढ़ रहा है, जिससे पर्यावरण और आबादी दोनों खतरे में हैं। भाजपा नेताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर अवैध कब्जों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT