निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : राज्यभर में ‘विश्व बांग्ला’ के लोगो को लेकर छिड़े विवाद के बाद विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक स्थानों से इसे हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में उलूबेड़िया नगर पालिका ने भी शहर के एक उद्यान से ‘विश्व बांग्ला’ का लोगो हटा दिया। जानकारी के अनुसार, उलूबेड़िया नगर पालिका के वार्ड नंबर 22 स्थित लॉकगेट इलाके में मिलिट्री ब्रिज के पास एक उद्यान है। इस पार्क में क्रांतिकारी ननू घोष और पूर्व मंत्री रबीन घोष की प्रतिमाएं स्थापित हैं। कुछ वर्ष पहले पर्यटन विभाग की पहल पर इस उद्यान का सुन्दरीकरण किया गया था। उस दौरान बैठने की व्यवस्था, आकर्षक रोशनी और अन्य सुविधाओं के साथ यहां ‘विश्व बांग्ला’ का लोगो भी लगाया गया था।
नगर पालिका ने सरकारी निर्देश का किया पालन
हाल ही में ‘विश्व बांग्ला’ के लोगो को लेकर राज्यभर में राजनीतिक बहस तेज होने के बाद सरकार ने विभिन्न स्थानों से इसे हटाने का निर्णय लिया। इसी निर्णय के तहत नगर पालिका के कर्मचारियों ने पार्क में लगे लोगो को हटा दिया। इस संबंध में उलूबेड़िया नगर पालिका के वाइस चेयरमैन इनामुर रहमान ने बताया कि सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए पार्क से ‘विश्व बांग्ला’ का लोगो हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार यह कार्रवाई की है।