सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

हालीशहर थाने के लॉकअप में बंद आरोपी की बिगड़ी तबीयत, हुई मौत

इलाके में मचा हड़कंप, पूर्व पार्षद का पति था अभियुक्त      

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कांचरापाड़ा : कांचरापाड़ा नगरपालिका के 23 नंबर वार्ड की इस्तीफा दे चुकी तृणमूल कांग्रेस पार्षद जेनी शर्मा केवट के पति बिरजू केवट की हालीशहर थाने के लॉकअप में तबीयत अचानक बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। बिरजू केवट को पुलिस ने उसके खिलाफ वसूली, धमकाने सहित दर्ज कई शिकायतों के सिलसिले में गिरफ्तार किया था। वहीं मामले में परिवार का आरोप है कि लॉकअप में पिटायी से उसकी तबीयत बिगड़ी होगी, उसके शरीर पर जख्मों के निशान थे। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस के अनुसार शनिवार को तड़के बिरजू केवट लॉकअप में अस्वस्थ हालत में पड़ा मिला। इसके बाद हालीशहर थाने की पुलिस उसे तत्काल कल्याणी स्थित जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लेकर पहुंची। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हार्ट अटैक के कारण उसकी मौत हुई है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगी। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही।

विधायक ने कहा- कानून अपना काम करेगा

घटना को लेकर बीजपुर के विधायक सुदीप्त दास ने कहा कि उन्हें बिरजू केवट के परिवार के प्रति सहानुभूति है। उन्होंने कहा कि इस समय परिवार की ओर से क्या कहा जा रहा है, इस पर वह किसी तरह की टिप्पणी नहीं करना चाहते। विधायक ने स्पष्ट किया कि कानून अपना काम करेगा और मामले की जांच उसी दिशा में आगे बढ़ेगी। लॉकअप में हुई मौत को लेकर पुलिस की कार्रवाई और जांच पर भी नजर बनी हुई है।

SCROLL FOR NEXT