टॉप न्यूज़

शांति पहल की परिषद में शामिल होंगे अभिनव बिंद्रा

शांति के लिए नई पहल से जुड़े अभिनव बिंद्रा, थॉमस बाक के नेतृत्व वाले काउंसिल में निभाएंगे भूमिका

Muskan Lall

भारत के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता पूर्व निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने बुधवार को बताया कि वह शांति के लिए शुरू की जा रही एक नई अंतरराष्ट्रीय पहल के काउंसिल में शामिल होंगे। इस पहल की स्थापना अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के मानद अध्यक्ष थॉमस बाक ने की है। बिंद्रा के मुताबिक, इस पहल की औपचारिक शुरुआत 1 दिसंबर को होगी।

बिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वह इस पहल की घोषणा के दौरान थॉमस बाक और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बान की-मून के साथ मौजूद रहेंगे। घोषणा का ऑनलाइन सीधा प्रसारण किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने इस पहल के उद्देश्य और कामकाज से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।

बिंद्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि खेल ने उन्हें जीवन में बहुत कुछ दिया है, लेकिन इसका सबसे बड़ा उपहार अलग-अलग देशों, संस्कृतियों और पृष्ठभूमि के लोगों से जुड़ने का अवसर रहा है। ऐसे लोग, जो अपने मतभेदों से ऊपर उठकर खेल के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि वह अक्सर सोचते रहे हैं कि खेल के मैदान से बाहर भी इस अनुभव को कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है, खासकर उन युवाओं के बीच जो संघर्ष प्रभावित समाजों में बड़े हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को पिछली पीढ़ियों के पूर्वाग्रहों और विभाजन की विरासत नहीं मिलनी चाहिए। खेल, संस्कृति और शिक्षा के माध्यम से युवाओं को एक अलग भविष्य गढ़ने का अवसर दिया जा सकता है। बिंद्रा ने कहा कि इसी विश्वास के साथ वह थॉमस बाक की ओर से स्थापित शांति की इस नई पहल के काउंसिल में शामिल होकर गर्व और सम्मान महसूस कर रहे हैं।

बिंद्रा ने यह भी बताया कि इस पहल की शुरुआत के मौके पर दुनिया के कई देशों के पूर्व ओलंपियन और उनके मित्र भी साथ होंगे। उनका मानना है कि खेल विभिन्न देशों और समुदायों के लोगों को जोड़ने तथा आपसी समझ बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

गौरतलब है कि अभिनव बिंद्रा ने 2008 के बीजिंग ओलंपिक में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे। उनकी यह उपलब्धि भारतीय खेल इतिहास के सबसे यादगार क्षणों में गिनी जाती है।

SCROLL FOR NEXT