सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

बीजपुर के भाजपा प्रत्याशी ने लगाया टीएमसी पर प्रताड़ना का आरोप

चुनाव आयोग से लगाई गुहार

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बीजपुर : बीजपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी के बीच राजनीतिक हिंसा और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सुदीप्त दास ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर उनके चुनाव प्रचार में बार-बार बाधा डालने और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुदीप्त दास ने कहा कि उन्हें क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में प्रचार करने से रोका जा रहा है और टीएमसी के लोग उनके साथ बदसलूकी कर रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी का सबसे गंभीर आरोप स्थानीय पुलिस पर है; उनका दावा है कि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है और उनकी मौजूदगी में ही हमलावर और अधिक आक्रामक हो जाते हैं। स्थानीय स्तर पर न्याय न मिलने की स्थिति में अब उन्होंने सीधे भारत निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव की गुहार लगाई है।

पुलिस की भूमिका पर सवाल और सुरक्षा की मांग

सुदीप्त दास ने पुलिस प्रशासन पर निष्क्रियता के साथ-साथ हमलावरों को संरक्षण देने का भी आरोप मढ़ा है। उनका कहना है कि जब भी किसी अप्रिय स्थिति की सूचना पुलिस को दी जाती है, तो पुलिस के आने के बाद उपद्रवी और अधिक सक्रिय हो जाते हैं और उन्हें मारने के लिए दौड़ते हैं। प्रत्याशी ने स्पष्ट किया कि बिना चुनाव आयोग के कड़े हस्तक्षेप के बीजपुर में शांतिपूर्ण प्रचार करना उनके लिए असंभव होता जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो मतदान के दिन स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

टीएमसी ने आरोपों को नकारा, बताया जनता का आक्रोश

इन आरोपों पर पलटवार करते हुए हालीशहर तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष प्रबीर सरकार ने इन घटनाओं को पार्टी की साजिश मानने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी को जिस विरोध का सामना करना पड़ रहा है, वह असल में जनता का उनके प्रति गुस्सा है। प्रबीर सरकार ने स्पष्ट किया कि तृणमूल कांग्रेस किसी भी तरह की हिंसा का समर्थन नहीं करती है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि पार्टी का कोई कार्यकर्ता व्यक्तिगत रूप से ऐसी किसी घटना में शामिल पाया जाता है, तो संगठन उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करेगा। फिलहाल, दोनों पक्षों के दावों के बीच बीजपुर का सियासी माहौल काफी गरमा गया है।

SCROLL FOR NEXT