केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : NPCI BHIM सर्विसेज लिमिटेड की ओर से विकसित BHIM App ने वित्त वर्ष 2025-26 में लेनदेन मात्रा में 301 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की है। कंपनी की एमडी एवं सीईओ Lalitha Nataraj ने बुधवार को बताया कि उपयोग में सरलता, सुरक्षा और नये फीचर्स के कारण भीम ऐप तेजी से लोगों की पसंद बन रहा है। उन्होंने कहा कि यूपीआई सर्किल, फैमिली मोड, स्पेंड एनालिटिक्स और एक्सपेंस स्प्लिट जैसे फीचर्स डिजिटल भुगतान को अधिक सुरक्षित और परिवार केंद्रित बना रहे हैं।
बंगाल में तेजी से बढ़ा डिजिटल भुगतान
वित्त वर्ष 2025-26 में पश्चिम बंगाल में भीम ऐप पर 71 प्रतिशत लेनदेन पी2एम यानी पीयर-टू-मर्चेंट भुगतान रहे। किराना भुगतान का हिस्सा 22.5 प्रतिशत रहा, जबकि फूड आउटलेट और रेस्तरां 18.7 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहे। क्विक कॉमर्स, ई-कॉमर्स और फ्यूल स्टेशनों पर भी ऐप का उपयोग तेजी से बढ़ा है।
यूपीआई सर्किल बना आकर्षण
CEO ने बताया कि “UPI Circle” फीचर के जरिए उपयोगकर्ता अपने बच्चों, माता-पिता, जीवनसाथी या भाई-बहनों को सीमित भुगतान की अनुमति दे सकते हैं। इसके तहत 15 हजार रुपये तक की मासिक सीमा तय की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर हर ट्रांजैक्शन के लिए अनुमति का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
खर्च नियंत्रण और नयी सुविधाएं
भीम ऐप में स्पेंड एनालिटिक्स, बजट ट्रैकिंग और एक्सपेंस स्प्लिट जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं। इससे उपयोगकर्ता अपने मासिक खर्च का रिकॉर्ड रख सकेंगे और दोस्तों या परिवार के साथ खर्च आसानी से बांट सकेंगे। ऐप बांग्ला सहित 15 से अधिक भाषाओं को समर्थन देता है।