सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

भाटपाड़ा से कुख्यात 'कालुआ' गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद !

पिछले चार महीनों में भाटपाड़ा पुलिस ने अब तक 41 हथियार किए जब्त, भाजपा उम्मीदवार ने कहा-क्षेत्र के सौ अपरा​धियों के नाम प्रशासन को सौंपे गये

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

भाटपाड़ा : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा और जगद्दल इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भाटपाड़ा नगर पालिका के वार्ड नंबर 35 में छापेमारी कर जगद्दल के कुख्यात अपराधी सुजीत चौधरी उर्फ 'कालुआ' को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को लंबे समय से कालुआ की तलाश थी, जिसे क्षेत्र में 'जगद्दल का त्रास' माना जाता था। इस गिरफ्तारी को लेकर जगदल के भाजपा उम्मीदवार व पूर्व आइपीएस डॉ. राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि प्रभावशालियों की सह पर ये अपराधी इलाके में सक्रिय थे। क्षेत्र के लगभग सौ समाज​विरोधियों के नाम प्रशासन को सौंपे गये हैं। हमारी मांग है कि प्रशासन इस ओर जरूर नजर दे ताकि लोग बेखौफ होकर मताधिकार का उपयोग कर सकें।

बरामदगी का विवरण

पुलिस द्वारा की गई सघन पूछताछ के बाद कालुआ के ठिकाने से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। इस ऑपरेशन में पुलिस ने कुल 5 आग्नेयास्त्र और 5 राउंड कारतूस जब्त किए। बरामद हथियारों में एक 9 एमएम पिस्टल, तीन 7 एमएम पिस्टल और एक पाइपगन शामिल है। इसके अलावा, पुलिस ने एक थार (THAR) गाड़ी को भी अपने कब्जे में लिया है, जिसका इस्तेमाल संदिग्ध गतिविधियों में किया जा रहा था।

चार महीनों का रिपोर्ट कार्ड

भाटपाड़ा थाना पुलिस की सक्रियता पिछले कुछ महीनों में काफी बढ़ गई है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले चार महीनों के भीतर पुलिस ने इस क्षेत्र से कुल 41 अवैध हथियार और 28 राउंड कारतूस बरामद किए हैं। इस दौरान अपराध जगत से जुड़े कुल 28 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। पुलिस की इस निरंतर कार्रवाई से स्थानीय अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

SCROLL FOR NEXT