सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

भाटपाड़ा में भाजपा कर्मी के घर पर हमले का आरोप

रंगदारी न देने पर महिला से मारपीट व छेड़खानी का आरोप

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

भाटपाड़ा: उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा नगरपालिका के 21 नंबर वार्ड अंतर्गत आतपुर पंचाननतला इलाके में एक भाजपा कर्मी प्रतीक सोनार के घर पर बदमाशों द्वारा हमला किए जाने की घटना से इलाके में भारी सनसनी फैल गई है। आरोप है कि बदमाशों के एक दल ने घर में घुसकर न केवल तांडव मचाया, बल्कि विरोध करने पर घर की महिला के साथ मारपीट और छेड़खानी) भी की।

एक लाख की रंगदारी का मामला

पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों ने उनके घर धावा बोलकर एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। जब परिवार ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो बदमाश उग्र हो गए। उन्होंने घर में मौजूद महिला सदस्य के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट की और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। भाजपा का आरोप है कि हमलावर सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस के आश्रित दुष्कर्मी हैं, जो इलाके में दहशत फैलाना चाहते हैं।

राजनीतिक रंग या आपसी विवाद?

घटना के संबंध में पीड़ित परिवार ने जगतदल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा नेतृत्व का कहना है कि पार्टी से जुड़े होने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। तृणमूल के स्थानीय नेताओं का दावा है कि इस घटना का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है और यह पूरी तरह से आपसी विवाद या असामाजिक तत्वों की करतूत हो सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोषियों की तलाश की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT