सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
काेलकाता : राज्य के पीडब्ल्यूडी विभाग के मंत्री अजय पोद्दार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ अहम बैठक हुई। राज्य के सड़क मार्ग के उन्नत करने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। इस बैठक के बाद यह कयास है कि बंगाल में सड़कों को अब नयी रफ्तार मिलेगी। मंत्री अजय पोद्दार ने सोशल साइट पर लिखा कि मंगलवार की देर शाम मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से नई दिल्ली में पश्चिम बंगाल लोक निर्माण विभाग (PWD) की पूरी टीम के साथ शिष्टाचार भेंट एवं महत्वपूर्ण बैठक करने का अवसर प्राप्त हुआ। मंत्री ने आगे लिखा कि बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग, पुलों एवं सड़क अवसंरचना से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा राज्य के विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव उनके समक्ष प्रस्तुत किए गए। नितिन गडकरी द्वारा प्रदान किए गए आत्मीय सम्मान, स्नेह एवं पश्चिम बंगाल के विकास के प्रति उनकी सकारात्मक सोच से मैं अत्यंत अभिभूत हूं। मेरे आग्रह पर उन्होंने शीघ्र ही पश्चिम बंगाल आने तथा राज्य के लिए अनेक महत्वपूर्ण सड़क एवं अवसंरचना परियोजनाओं के शिलान्यास के लिए अपनी सहमति भी प्रदान की। पश्चिम बंगाल की जनता एवं राज्य सरकार की ओर से नितिन गडकरी के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद। विश्वास है कि उनके सहयोग से राज्य के सड़क एवं अवसंरचना विकास को नई गति मिलेगी।