सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

पानीहाटी में बमबाजी व बशीरहाट में भाजपा कार्यकर्ता को मारी गोली

बमबारी मामले में पुलिस ने 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

पानीहाटी : उत्तर 24 परगना जिले में बुधवार की रात हिंसा और अपराध की कई घटनाएं सामने आयीं। जहां एक ओर मध्यमग्राम में शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या से सनसनी फैल गई, वहीं दूसरी ओर पानीहाटी और बशीरहाट भी गोलियों और बमों की गूंज से दहल उठे। पानीहाटी के वार्ड नंबर 2 में बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया और एक के बाद एक तीन बम फेंके, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस विस्फोट में करीब 6 से 7 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही खड़दह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बिगड़ते हालात को देखते हुए क्षेत्र में केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी गई है। मामले में मामले में हालांकि बैरकपुर के डीसी सेंट्रल इंद्रबदन झा ने स्पष्ट किया कि कुछ मीडिया द्वारा पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक के आवास के पास बमबाजी की यह घटना बतायी जा रही है जबकि यह गलत है। उन्होंने कहा कि बुधवार की रात बमबाजी की घटना खड़दह थाना क्षेत्र के अंतर्गत एच.सी. दत्ता रोड पर हुई थी। घटनास्थल विधायक के घर से लगभग 4 किलोमीटर दूर है, जबकि विधायक का आवास घोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कानून के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने घटना की तीव्र निंदा की

वहीं बशीरहाट के गोटरा ग्राम पंचायत स्थित राजीव कॉलोनी में दलीय झंडा लगाने को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि बुधवार रात करीब 11 बजे जब भाजपा कार्यकर्ता इलाके में झंडे लगा रहे थे, तभी तृणमूल समर्थकों ने इसका विरोध किया। बहस इतनी बढ़ी कि भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी गई, जिसमें रोहित राय उर्फ चिंटू नामक कार्यकर्ता के पेट में गोली लगी है। उन्हें गंभीर हालत में बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा नेतृत्व ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे चुनाव बाद की राजनीतिक हिंसा करार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कार्यकर्ताओं पर इस तरह के हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। फिलहाल दोनों ही क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।

SCROLL FOR NEXT