टॉप न्यूज़

'बंगाल को पाकिस्तान...', पश्चिम बंग दिवस पर पीएम मोदी का बड़ा हमला

तारकेश्वर में बोले प्रधानमंत्री- बंगाल की जनता ने बदलाव चुना, अब विकास की नई शुरुआत हुई

हुगली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित पश्चिम बंग दिवस कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बंगाल के इतिहास, संस्कृति और राजनीतिक बदलाव का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि देश की आजादी के समय बंगाल को पाकिस्तान में शामिल करने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि उस मुश्किल दौर में कांग्रेस को मजबूती से खड़ा होना चाहिए था, लेकिन पार्टी ने "घुटने टेक दिए थे।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि इतिहास के इन घटनाक्रमों को देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव का नया दौर शुरू हो चुका है और राज्य की जनता ने भाजपा को समर्थन देकर विकास का रास्ता चुना है।

पहली बार मनाया गया पश्चिम बंग दिवस

पश्चिम बंग दिवस का आधिकारिक आयोजन पहली बार किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बंगाल की हजारों वर्षों पुरानी विरासत, संस्कृति, साहित्य और ज्ञान परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि बंगाल ने भारत के राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने बंगाल के महान व्यक्तित्वों को याद करते हुए कहा कि घनश्याम दास बिड़ला जैसे उद्योगपतियों ने भी राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाई।

भाजपा सरकार से बदलाव का दावा

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के आने के बाद बंगाल में बदलाव दिखाई देने लगा है और राज्य विकास, निवेश तथा रोजगार के नए अवसरों की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुशासन के कारण बंगाल कई दशक पीछे चला गया। उन्होंने कहा कि पहले जनता के संसाधनों पर घुसपैठियों का कब्जा हो गया था और आम लोगों के अधिकार कमजोर हुए।

कांग्रेस, लेफ्ट और टीएमसी पर निशाना

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस, लेफ्ट और तृणमूल कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने मिलकर बंगाल को नुकसान पहुंचाया।

पीएम मोदी ने सभा में मौजूद लोगों से अपील की कि वे संकल्प लें कि इतिहास की गलतियों को दोबारा नहीं दोहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बंगाल का भविष्य उज्ज्वल है और राज्य देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

SCROLL FOR NEXT