गर्मी के साथ बंगाल में 75% तक बढ़ी ह्यूमिडिटी
मौसम विभाग ने जारी की गंभीर चेतावनी
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। हालात ऐसे हैं कि हवा भी आग के झोंकों जैसी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अगले 168 घंटों यानी पूरे एक सप्ताह तक लोगों को इस झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा, जबकि कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के बावजूद तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। मंगलवार को राज्य के कई जिलों में तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। पानागढ़ सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कलाईकुंडा और बैरकपुर में पारा 41.7 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि बांकुड़ा में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में बारिश की संभावना, लेकिन राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार यानी आज दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश और छींटे पड़ सकते हैं। नदिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पुरुलिया और पश्चिम मिदनापुर में बारिश की संभावना अधिक जताई गई है। वहीं अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि विभाग का कहना है कि इस बारिश का असर तापमान पर बहुत ज्यादा नहीं पड़ेगा और लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि आज दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में स्थानीय स्तर पर गरज वाले बादल बनने की संभावना है। बीरभूम, नदिया, मुर्शिदाबाद और पूर्व तथा पश्चिम बर्दवान जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बावजूद पश्चिमी जिलों में तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
अगले 7 दिन तक राहत के आसार नहीं
कोलकाता और आसपास के इलाकों में अगले 7 दिनों तक अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान दो दिन हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।