अंबिका अपने बच्चों के साथ ससुराल के बाहर सड़क पर  REP
टॉप न्यूज़

पति की मौत के बाद दो मासूम बच्चों संग सड़क पर महिला

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : नदिया जिले के बीरनगर इलाके से एक अमानवीय घटना सामने आई है। यहां कैंसर से पति की मौत के बाद एक महिला को उसके 8 साल और डेढ़ साल के दो मासूम बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिये जाने का आरोप सामने आया है। पीड़िता अंबिका प्रमाणिक ने अपने ससुराल वालों के खिलाफ ताहेरपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णानगर की रहने वाली अंबिका की शादी 10 साल पहले बीरनगर के प्रदीप्त सरकार से हुई थी। प्रदीप्त शिक्षक होने के साथ-साथ हार्डवेयर की दुकान भी चलाते थे। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ समय पहले प्रदीप्त कैंसर से पीड़ित हो गए।

ससुराल वालों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

महिला का आरोप है कि पति की बीमारी के दौरान ससुराल वालों ने कोई मदद नहीं की, बल्कि उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पति के निधन के बाद अभी श्राद्ध कर्म भी पूरा नहीं हुआ था कि ससुराल वालों का अत्याचार और बढ़ गया और उन्होंने महिला को बच्चों समेत घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया। फिलहाल बेबस मां अपने बच्चों के हक और सुरक्षा के लिए प्रशासन, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नेतृत्व से मदद की गुहार लगा रही है। दूसरी ओर, ससुराल वालों ने इन आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि महिला अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT